Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:चलती ट्रेन से 652 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 27, 2026

BIHAR:चलती ट्रेन से 652 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

Kishanganj News: चलती ट्रेन से 652 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
किशनगंज : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के किशनगंज-कटिहार रेलखंड पर चलती ट्रेन से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप जब्त किया गया, जबकि ट्रेन के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई आरपीएफ, सीआईबी टीम और डॉग स्क्वाड ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से की। जानकारी के अनुसार सीआईबी/किशनगंज टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ ट्रेन संख्या 14620 त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस अप में विशेष जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कोच संख्या एनआर-191093/सी (ए-1) में तैनात कोच परिचारक मेहर सिंह (22) के लॉकर बॉक्स की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सात बैग बरामद हुए, जिनमें 100-100 मिलीलीटर की कुल 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप रखी हुई थी।
गिरफ्तार आरोपी मेहर सिंह पंजाब के फिरोजपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। वह प्राइमरी क्लीनिंग सर्विस, लखनऊ के अधीन कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था। जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 29 हजार 96 रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के बाद आरोपी और बरामद सामग्री को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त कफ सिरप को आबकारी विभाग, किशनगंज को सौंप दिया गया।
इस संबंध में आबकारी थाना किशनगंज में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।