सिंहेश्वर थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला
मार्च महीने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
बुढ़ावे से आरोपी युवक अजय चौहान गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में किया पेश
मधेपुरा: जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव से नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुढ़ावे गांव से पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी ने बताया कि इस मामले में मार्च माह में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लालपुर वार्ड संख्या-3 निवासी शैलेंद्र पंडित ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी घर के दरवाजे के पास खड़ी थी, तभी दो बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और जबरन उसे उठाकर फरार हो गए।
ग्रामीणों के साथ काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने लड़की की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में जानकारी मिली कि बुढ़ावे निवासी अजय चौहान ने शादी की नीयत से लड़की को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बुढ़ावे वार्ड संख्या-15 निवासी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।