मढ़ौरा (सारण)। सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई एक प्रेम कहानी ने गुरुवार को अनोखा मोड़ ले लिया।
शादीशुदा महिला द्वारा अपने प्रेमी को ससुराल बुलाने के बाद मामला इतना बढ़ गया कि गांव में पंचायत बैठानी पड़ी।
अंततः पति की सहमति मिलने पर ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, निपनिया गांव निवासी सावन कुमार की शादी 22 जुलाई 2024 को गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बालरा गांव निवासी नीरज कुमारी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद सावन रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद चले गए।
इसी दौरान करीब पांच महीने पहले नीरज की पहचान गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के रामपुर माधो टोला भेड़ियारी निवासी प्रेमकुमार से इंस्टाग्राम पर हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध प्रेम में बदल गया।
बताया जाता है कि फरवरी में नीरज मायके गई थी, जहां से वह प्रेमी के घर पहुंच गई और उसके साथ रहने की जिद करने लगी। हालांकि स्वजन ने समझाकर उसे वापस भेज दिया। बाद में वह फिर ससुराल लौट आई।
बुधवार को महिला ने अपने प्रेमी को चुपके से ससुराल बुला लिया। युवक के घर पहुंचते ही स्वजन को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और युवक की पिटाई भी कर दी गई।
स्थिति बिगड़ती देख पूर्व मुखिया रामप्रकाश दास समेत कई ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई। पंचायत में महिला ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद हैदराबाद में रह रहे पति सावन कुमार से फोन पर बात की गई। पति की सहमति मिलने के बाद गांव में ही दोनों का विवाह करा दिया गया। यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।