Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में ऑनर किलिंग की कोशिश, नाबालिग को जिंदा जलाने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में ऑनर किलिंग की कोशिश, नाबालिग को जिंदा जलाने का आरोप

मधेपुरा में ऑनर किलिंग की कोशिश, नाबालिग को जिंदा जलाने का आरोप
मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार अलसुबह 17 वर्षीय किशोरी को कथित तौर पर उसके पिता और भाई ने हाथ-पैर बांधकर प्रेमी के घर के पास ले जाकर जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोप है कि ट्रैक्टर से डीजल निकालकर किशोरी के शरीर पर छिड़का गया और फिर उसे आग के हवाले करने की साजिश रची गई। घटना के दौरान किशोरी की नानी भी मौजूद थी।
ग्रामीणों ने किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाना ले गई।
थाना में खुद को आग लगाने की कोशिश
थाना लाए जाने के बाद दोपहर में किशोरी बाथरूम गई, जहां उसने अंदर से दरवाजा बंद कर खुद को आग लगा ली। महिला पुलिसकर्मियों ने शोर सुनकर दरवाजा तोड़ा और कंबल से आग बुझाकर उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार किशोरी 35 से 40 प्रतिशत तक झुलस गई है, हालांकि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने सुरक्षा कारणों से किशोरी को पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया या दरभंगा रेफर करने की तैयारी की है।
पहले दर्ज हुआ था गैंगरेप केस
पीड़िता ने 28 जनवरी को अपने प्रेमी रोशन कुमार और उसके दो दोस्तों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि शादी का झांसा देकर उसे घर से भगाया गया और फिर दुष्कर्म किया गया। इस मामले में प्रेमी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
हालांकि बाद में न्यायालय में दिए बयान में किशोरी अपने आरोपों से मुकर गई। उसने कहा कि पिता और भाई के दबाव में उसने केस दर्ज कराया था। पुलिस जांच में भी गैंगरेप की बात सही नहीं पाई गई।
जमानत की खबर से भड़का परिवार
पुलिस के मुताबिक किशोरी ने बयान में कहा है कि प्रेमी को जमानत मिलने की चर्चा के बाद उसके पिता और भाई नाराज हो गए थे। इसी कारण रविवार रात उन्होंने उसे मारने और प्रेमी के परिवार को फंसाने की साजिश रची।
किशोरी के अनुसार उसे मुंह में कपड़ा ठूंसकर प्रेमी के घर के पास ले जाया गया, ताकि हत्या का आरोप प्रेमी और उसके परिवार पर लगाया जा सके। ग्रामीणों के जाग जाने से योजना विफल हो गई।
दो साल पहले भी हत्या की कोशिश का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले भी परिवार द्वारा किशोरी की हत्या का प्रयास किया गया था। उस समय मामला पुलिस तक पहुंचा था, लेकिन बाद में दबा दिया गया।
एसपी ने क्या कहा?
मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने कहा कि घटनास्थल से डीजल की गंध वाली मिट्टी जब्त की गई है और जिस वाहन से डीजल निकाला गया उसकी तस्वीर भी ली गई है। पिता और भाई फिलहाल फरार हैं। दोनों के खिलाफ ऑनर किलिंग के प्रयास का मामला दर्ज किया