मधेपुरा
सदर थाना के आनंद विहार वार्ड-2 में एक साल पूर्व अभिमन्यु कुमार हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश बंटी यादव को एसटीएफ और पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी चौसा बाजार क्षेत्र से की गई।
जानकारी के अनुसार 13 जून 2025 की रात सदर थाना क्षेत्र के आनंद विहार वार्ड-2 निवासी अभिमन्यु कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई अखिलेश कुमार के फर्द बयान पर सदर थाना में केस दर्ज किया गया था। मामले में कुल 15 नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में पहले ही जगन्नाथ कुमार, पवन यादव, मंटू यादव तथा अजय यादव उर्फ अजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी बंटी यादव लगातार फरार चल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। वरीय अधिकारियों द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया। अब मामले में तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरफ्तारी हुई।
बंटी यादव पर हत्या-रंगदारी समेत कई मामले | दर्ज पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट सहित कई संगीन मामलों में पूर्व से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।