मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वर्ष 2024 के एक चर्चित चोरी कांड के नामजद आरोपी अखिलेश तत्मा उर्फ मिथिलेश तत्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शंकरपुर के प्रभारी थाना प्रभारी महितोष पाराशर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी।
थाना प्रभारी के अनुसार, सटीक सूचना मिलने के बाद बिहार एसटीएफ और शंकरपुर पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। इसके बाद बरियाही गांव में घेराबंदी कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अपराधी अखिलेश तत्मा उर्फ मिथिलेश तत्मा शंकरपुर थाना क्षेत्र के बरियाही गांव वार्ड संख्या-12 का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में इलाके में हुए एक चोरी के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर इलाके के अन्य लंबित मामलों के खुलासे में भी मदद मिल सकती है।