पुलिस को देखकर भागने लगे थे युवक, तलाशी में मिला देसी कट्टा, कारतूस और स्मैक
पटना के पूर्वी इलाके स्थित मुसल्लहपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों को स्मैक और हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सिमरी बख्तियारपुर निवासी 18 वर्षीय आशीष कुमार, सहरसा निवासी 18 वर्षीय सत्यम कुमार और सुपौल निवासी 22 वर्षीय राजा बाबू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार राजा बाबू फिलहाल पटना के जैक्शन हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में तीनों की भूमिका स्मैक और हथियार सप्लायर के तौर पर सामने आई है।
पुलिस को देखकर भागने लगे थे तीनों
जानकारी के अनुसार 26 मई की रात तीनों युवक सैदपुर नहर इलाके से पैदल गुजर रहे थे। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर वे भागने लगे। पुलिस को शक होने पर जवानों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, कारतूस, 22.14 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बेचने और हथियार सप्लाई से जुड़े होने की बात कबूल की।
स्मैक बेचने पर मिलता था कमीशन
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार छात्रों ने बताया कि पटना सिटी इलाके के एक व्यक्ति से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसके लिए वे 15 से 20 प्रतिशत कमीशन पर स्मैक बेचने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें हथियार बेचने का भी ऑफर दिया गया था।
पिछले एक साल से कर रहे थे कारोबार
पूर्वी पटना के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि मुसल्लहपुर-सैदपुर नहर के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में तीनों युवकों ने पिछले एक साल से पटना सिटी इलाके में स्मैक के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब गिरफ्तार छात्रों की निशानदेही पर मामले के मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह हाल ही में जेल से बाहर आया है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।