Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA NEWS:मक्का बेचकर लौट रहे युवा किसान की सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर पलटने से गयी जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2026

MADHEPURA NEWS:मक्का बेचकर लौट रहे युवा किसान की सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर पलटने से गयी जान

मक्का बेचकर लौट रहे युवा किसान की सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर पलटने से गयी जान

मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, एक युवक गंभीर रूप से घायल

बिहारीगंज रेक प्वाइंट से लौट रहे थे दोनों किसान, कोरचक्का पुल के पास अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत उदाकिशुनगंज-पुरैनी मुख्य मार्ग स्थित कोरचक्का पुल के समीप सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा किसान की मौत हो गयी, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी।

मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपारिया निवासी 26 वर्षीय नीतीश भगत, पिता बाबूलाल भगत के रूप में हुई है। वहीं हादसे में बाथनाहा निवासी हरवंश शर्मा, पिता लालू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये।

ट्रैक्टर पलटने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार नीतीश भगत अपने सहयोगी हरवंश शर्मा के साथ ट्रैक्टर पर मक्के की फसल बेचकर बिहारीगंज रेक प्वाइंट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोरचक्का पुल के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में नीतीश भगत ट्रैक्टर की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घायल युवक को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल हरवंश शर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरैनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच में जुट गयी है।

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव कोपारिया में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नीतीश भगत मेहनती और मिलनसार युवक थे तथा परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे।

ग्रामीणों के अनुसार वे अपने जीजा के यहां रहकर खेती-बाड़ी और अन्य कार्यों में सहयोग करते थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।