Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA CRIME:सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पति गिरफ्तार, अवैध संबंध और मारपीट का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2026

SAHARSA CRIME:सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पति गिरफ्तार, अवैध संबंध और मारपीट का आरोप

सहरसा में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पति गिरफ्तार, अवैध संबंध और मारपीट का आरोप
72 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपित पति को दबोचा, अन्य की तलाश जारी
सिमरी बख्तियारपुर के बलवाहाट थाना क्षेत्र में हुई घटना, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के मदनपुर वार्ड संख्या-2 में विवाहिता रौनक खातून की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित पति मो. जफर को घटना के महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सहरसा न्यायालय में प्रस्तुत किया है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतका की मां नूरानी खातून, जो सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के धकजरी गांव की निवासी हैं, ने बलवाहाट थाने में आवेदन देकर अपनी पुत्री की हत्या का आरोप पति समेत ससुराल पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों पर लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि रौनक खातून की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पति के कथित अवैध संबंध को लेकर होता था विवाद
प्राथमिकी के अनुसार मो. जफर का किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। इसकी जानकारी मिलने के बाद रौनक खातून इसका विरोध करती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।
परिजनों ने बताया कि रौनक करीब छह माह बाद अपने मायके से ससुराल मदनपुर लौटी थी। वहीं उसका पति मो. जफर 14 मई को राजस्थान से घर वापस आया था। घर लौटने के बाद दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
शादी समारोह में डांस करने को लेकर बढ़ा विवाद
स्वजनों के मुताबिक बीते गुरुवार को पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में रौनक खातून ने डांस किया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसका पति नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मो. जफर ने रौनक के साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि रौनक ने घटना की जानकारी अपनी मां को भी दी थी, लेकिन परिजनों ने इसे सामान्य पति-पत्नी का विवाद समझकर गंभीरता से नहीं लिया। बाद में आरोप है कि मो. जफर ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर रौनक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को घर में छोड़कर फरार हो गया।
खसिया पुल के पास पुलिस ने की गिरफ्तारी
मंगलवार को बलवाहाट थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सोमवार को थानाध्यक्ष राजू कुमार को सूचना मिली थी कि हत्याकांड का मुख्य आरोपित मो. जफर थाना क्षेत्र के खसिया पुल के समीप देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।