पटना। भागलपुर के चर्चित सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से सम्राट चौधरी ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी और स्वजनों को हरसंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए दिवंगत ईओ कृष्ण भूषण कुमार को 'वीर' बताया।
उन्होंने लिखा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और नियमानुसार उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही परिवार के भरण-पोषण और अन्य जरूरतों में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
28 अप्रैल को कार्यालय में घुसकर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 28 अप्रैल की शाम सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या कर दी थी।
इस हमले में नगर परिषद सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पटना में 11 दिनों तक इलाज चलने के बाद सभापति ने भी दम तोड़ दिया। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे बिहार में सनसनी फैला दी थी।
एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई से सुर्खियों में आया मामला
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपितों में शामिल नगर परिषद उपसभापति के पति रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया था।
इसके बाद प्रशासन ने उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। इस कार्रवाई को लेकर मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा में रहा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने सुरक्षा, भरण-पोषण और भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार परिवार को न्याय दिलाने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।