बिहार के अररिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तेगछिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक 'भूस्सी घर' से तीन साल की मासूम बच्ची का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान शिवांशी के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब थी। इस खौफनाक घटना के पीछे आपसी रंजिश में हत्या किए जाने की गहरी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से बच्ची के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नाना के घर आई थी बच्ची, खेलते समय हुई गायब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के ही तरौना गांव निवासी सुशील सिंह की बेटी थी। वह 10 मई को अपने माता-पिता के साथ तेगछिया गांव स्थित अपने नाना मायानंद सिंह के घर आई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अगले ही दिन 11 मई की दोपहर दरवाजे पर खेलते-खेलते वह अचानक गायब हो गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसी शाम ताराबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
25 मीटर दूर भूस्सी घर से आई तेज दुर्गंध, तो खुला राज
शुक्रवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण नाना के घर से महज 25 मीटर की दूरी पर स्थित एक भूस्सी घर के पास से गुजरे, तो उन्हें वहां से बेहद तेज और सड़ांध भरी दुर्गंध आई। अनहोनी की आशंका पर जब अंदर देखा गया, तो वहां शिवांशी की सड़ी-गली लाश पड़ी थी। दोनों घरों के बीच से महज एक कच्ची सड़क गुजरती है। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। घटना को देखते हुए अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में ताराबाड़ी, कुर्साकांटा और अररिया थाने की भारी पुलिस फोर्स तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। मामले के खुलासे और सुराग ढूंढने के लिए 'डॉग स्क्वायड' की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, मासूम बेटी की इस दर्दनाक मौत के बाद से किसान पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।