Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रील बनाने के लिए बुर्का पहन मंदिर के सामने किया अश्लील डांस, लोगों ने पकड़कर लगाई फटकार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 19, 2026

BIHAR:रील बनाने के लिए बुर्का पहन मंदिर के सामने किया अश्लील डांस, लोगों ने पकड़कर लगाई फटकार

बेगूसराय में रील बनाने के लिए बुर्का पहन मंदिर के सामने किया अश्लील डांस, लोगों ने पकड़कर लगाई फटकार
बेगूसराय में सोशल मीडिया पर वायरल होने और सस्ते व्यूज पाने की चाह में एक युवक ने सारी मर्यादाएं पार कर दीं। जिला मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध काली स्थान मंदिर के मुख्य द्वार के सामने बुर्का पहनकर अश्लील अंदाज में डांस करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से न केवल युवक की हरकत रोकी गई, बल्कि मौके पर ही उससे माफी भी मंगवाई गई।
अलग-अलग एंगल से शूट हो रही थी रील
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को एक युवक बुर्का पहनकर मंदिर के सामने फिल्मी गानों पर अजीबोगरीब तरीके से डांस करने लगा। उसके साथ मौजूद दूसरा युवक मोबाइल फोन से अलग-अलग एंगल से वीडियो शूट कर रहा था।
शुरुआत में वहां मौजूद कुछ लोग इसे सामान्य मजाक समझकर देखते रहे, लेकिन मंदिर परिसर के सामने इस तरह की हरकत देखकर कई लोग असहज हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय युवक गोपाल कृष्ण की नजर इस पूरी गतिविधि पर पड़ी।
पूछताछ में खुली पोल
गोपाल कृष्ण को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने तुरंत दोनों युवकों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। जब बुर्का पहने व्यक्ति से बात की गई तो अंदर से लड़की नहीं बल्कि लड़के की आवाज निकली।
यह देख मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद गोपाल कृष्ण ने युवक को जमकर फटकार लगाई और कहा कि कुछ व्यूज और लाइक्स के लिए धार्मिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाना गलत है।
धीरे-धीरे मंदिर के आसपास मौजूद श्रद्धालु, दुकानदार और स्थानीय लोग भी वहां जुट गए और सभी ने इस हरकत पर नाराजगी जताई।
लोगों के आक्रोश के बाद मांगी माफी
मौके पर बढ़ती भीड़ और लोगों के गुस्से को देखकर दोनों युवक घबरा गए। डांस कर रहे युवक ने तुरंत बुर्का उतार दिया और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।
दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया रील बनाने के लिए यह वीडियो शूट कर रहे थे। उन्होंने लोगों से कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करने का वादा किया।
मौके पर ही डिलीट कराया गया वीडियो
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों युवकों का मोबाइल चेक कराया और मौके पर ही शूट किया गया वीडियो डिलीट करवा दिया। लोगों का कहना था कि अगर यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता तो इससे धार्मिक और सामाजिक तनाव पैदा हो सकता था।
कड़ी चेतावनी देने के बाद दोनों युवकों को वहां से जाने दिया गया। घटना के बाद इलाके में सोशल मीडिया पर बढ़ती रील संस्कृति और धार्मिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।