अररिया में स्मैक तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 16.01 ग्राम स्मैक व ₹8.36 लाख नकद बरामद
अररिया नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर 16.01 ग्राम स्मैक, एक बाइक तथा 08 लाख 36 हजार 400 रुपये नकद बरामद किये हैं। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
नगर थाना से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई को दोपहर करीब 01:30 बजे पुअनि संजीव कुमार को सूचना मिली कि त्रिशुलिया घाट रोड पर बाइक सवार कुछ युवक स्मैक लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद दंडाधिकारी शंभु साह एवं पुलिस बल के साथ टीम 01:45 बजे रवाना हुई।
करीब 02:15 बजे पुलिस ने बीआर 38एपी 1554 नंबर की बाइक को रोकने का प्रयास किया। बाइक पर सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी में मिली 16.01 ग्राम स्मैक
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुद्धेश्वरी रामपुर निवासी राम कुमार राय (27) एवं मो. अबु नसर उर्फ लड्डू (28) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान राम कुमार की जेब से 05 पुड़िया में 1.6 ग्राम तथा अबु नसर की जेब से 04 पुड़िया में 1.3 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
वहीं बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 37 पुड़िया से 13.11 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस प्रकार कुल 16.01 ग्राम स्मैक जब्त की गई।
पूछताछ में सामने आया तस्करी नेटवर्क
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे प्रति पुड़िया 250 रुपये में स्मैक बेचते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि स्मैक नगर थाना क्षेत्र के इसतमा टोला निवासी हैदर की बहन लीला उर्फ लीलो से खरीदी गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस इसतमा टोला पहुंची, लेकिन वहां पहुंचने से पहले सफदर एवं उसकी बहन लीलो फरार हो गये।
घर से बरामद हुए ₹8.36 लाख
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इसतमा टोला निवासी मो. रऊफ (55) को गिरफ्तार किया। उसके घर में रखे ट्रंक की तलाशी लेने पर 08 लाख 36 हजार 400 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में रऊफ ने पुलिस को बताया कि बरामद राशि में 45 हजार रुपये उसके हैं, जबकि बाकी रकम सफदर और लीलो की है, जो उसके घर से स्मैक कारोबार संचालित करते थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बुद्धेश्वरी रामपुर निवासी राम कुमार राय, मो. अबु नसर उर्फ लड्डू तथा इसतमा टोला निवासी मो. रऊफ शामिल हैं। वहीं फरार आरोपियों में सफदर एवं हैदर की बहन लीलो उर्फ लीला शामिल हैं।
इस मामले में अररिया थाना कांड संख्या 246/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।