मोतिहारी में शराब तस्कर ने एएसआई को मारी टक्कर, बैरिकेडिंग तोड़कर भागने की कोशिश
डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा, गंभीर रूप से घायल हुए एएसआई मनीष कुमार
पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में रविवार तड़के शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शराब लदी केटीएम बाइक लेकर भाग रहे एक तस्कर ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक तस्कर केटीएम बाइक पर शराब लेकर डुमरियाघाट के रास्ते गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने डुमरियाघाट पुल पर घेराबंदी शुरू कर दी।
हालांकि पुलिस को चकमा देकर तस्कर वहां से निकल गया और एनएच-27 की तरफ भागने लगा। इसके बाद सरोतर पहल चेकपोस्ट पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उसे रोकने की कोशिश की।
बैरिकेडिंग तोड़कर एएसआई को मारी टक्कर
चेकपोस्ट पर तैनात एएसआई मनीष कुमार ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख तस्कर ने बाइक की रफ्तार और तेज कर दी। तेज गति से आती बाइक सीधे एएसआई से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एएसआई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सिपाही की बहादुरी से पकड़ा गया तस्कर
टक्कर मारने के बाद आरोपी तस्कर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी मौके पर मौजूद एक सिपाही ने बहादुरी दिखाते हुए लाठी से वार कर उसे बाइक से नीचे गिरा दिया और पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी बाइक और शराब की खेप जब्त कर ली है।
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल एएसआई मनीष कुमार, जो 2009 बैच के अधिकारी बताए जा रहे हैं, को तुरंत इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही और पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हालचाल लिया।
पुलिस ने आरोपी तस्कर से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।