हेडलाइन:
गया में महिला सिपाही के प्रेम प्रसंग में गोलीकांड, दो थानों के ड्राइवर आमने-सामने; एक गंभीर, आरोपी गिरफ्तार
गया। जिले में महिला सिपाही से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर दो अलग-अलग थानों के ड्राइवरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोइरीबारी के पास तड़के चली गोली
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोइरीबारी के पास शनिवार सुबह हुई। घायल की पहचान नीरज (कोतवाली थाना ड्राइवर) और आरोपी की पहचान गौतम (परैया थाना प्राइवेट ड्राइवर) के रूप में हुई है।
विवाद बढ़ने पर गौतम ने देसी कट्टे से नीरज के सीने में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद खुद थाने पहुंचा घायल
घटना के बाद घायल नीरज ने हिम्मत दिखाते हुए खुद बाइक चलाकर कोतवाली थाना पहुंचा। वहां से उसे इलाज के लिए पिलग्रिम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में ANMCH रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
महिला सिपाही को लेकर चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से एक महिला सिपाही को लेकर तनाव चल रहा था। महिला सिपाही कोतवाली थाना में लिपिक पद पर तैनात है और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पितामहेश्वर के पास किराए के मकान में रहती है।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात को नीरज महिला सिपाही के कमरे पर पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर गौतम वहां पहुंचा और विवाद के दौरान फायरिंग कर दी।
सिटी एसपी बोले – प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
हथियार के स्रोत की जांच जारी
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास देसी कट्टा कहां से आया और उसने इसे कैसे हासिल किया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का नतीजा।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।