भोजपुर में बारात से लौट रही स्कॉर्पियो खाई में पलटी, मर्चेंट नेवी जवान की मौत
भोजपुर: जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत रेपुरा गांव के पास बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार मर्चेंट नेवी जवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के रामासाढ़ गांव निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन के 29 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इज्जमामुल हक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था और वर्तमान में महाराष्ट्र के मुंबई में तैनात था।
बारात से लौटने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद इज्जमामुल हक गांव के अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो से संदेश थाना क्षेत्र के चिल्होस गांव बारात में गया था। शादी समारोह से लौटने के दौरान रेपुरा गांव के पास स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार मोहम्मद समीर अंसारी समेत तीन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिवार में मचा कोहराम
बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में मां हुस्न-ए-आरा, भाई मोहम्मद जाउल हक और मोहम्मद एजाजुल हक हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।