Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, धान के बोरों के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी; दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 17, 2026

BIHAR:800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, धान के बोरों के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी; दो गिरफ्तार

कटिहार में 800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, धान के बोरों के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी; दो गिरफ्तार

कटिहार जिले के बलिया बेलौन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 800 लीटर प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। शनिवार को मीनापुर फुटानी चौक के पास चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में नशीला कफ सिरप जब्त किया। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कफ सिरप की खेप को धान के बोरों के नीचे छिपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।

धान के बोरों के नीचे छिपाई गई थी खेप

जानकारी के अनुसार, बलिया बेलौन थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस को धान के बोरों के नीचे बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप छिपाकर रखा हुआ मिला। बरामद सिरप की मात्रा करीब 800 लीटर बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी

बलिया बेलौन थाना अध्यक्ष मो. शाहिद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के ओल्ड मालदा निवासी 30 वर्षीय सद्दाम हुसैन और कालियाचक मालदा निवासी 28 वर्षीय असीदुल शेख के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा से प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप लेकर अररिया डिलीवरी देने जा रहे थे।

ड्रग्स इंस्पेक्टर ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रग्स इंस्पेक्टर अनुप कुमार को मौके पर बुलाया। जांच के बाद उन्होंने बरामद कफ सिरप को प्रतिबंधित कोडिनयुक्त नशीला पदार्थ बताया। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कटिहार न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष मो. शाहिद ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर ऐसे कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।