Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 5.40 ग्राम स्मैक व ₹1.23 लाख नकद बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 17, 2026

BIHAR:स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 5.40 ग्राम स्मैक व ₹1.23 लाख नकद बरामद

कटिहार के मनिहारी में स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 5.40 ग्राम स्मैक व ₹1.23 लाख नकद बरामद

कटिहार/मनिहारी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनिहारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 5.40 ग्राम स्मैक, एक लाख 23 हजार 570 रुपये नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा एल्युमिनियम फॉयल बरामद किया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, मनिहारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के नया टोला वार्ड संख्या-2 में मादक पदार्थ का कारोबार किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया।

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी

छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस बल को देखकर तेजी से भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 5.40 ग्राम स्मैक, एक लाख 23 हजार 570 रुपये नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक डब्बा एल्युमिनियम फॉयल बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, बरामद इलेक्ट्रॉनिक तराजू और फॉयल का इस्तेमाल स्मैक की तौल और पैकिंग में किया जाता था।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के नया टोला वार्ड दो निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार, पिता लालू महतो के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।