दरभंगा में 666.6 लीटर विदेशी शराब जब्त: पिकअप से 2455 बोतल बरामद, चालक-खलासी फरार
दरभंगा। जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 666.6 लीटर (2455 बोतल) बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के दौरान चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
फिल्मी अंदाज में पुलिस ने किया पीछा
मिली जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद को गुप्त सूचना मिली थी कि हसनपुर की ओर से एक पिकअप (BR 09R 2198) शराब की बड़ी खेप लेकर कुशेश्वरस्थान की ओर आ रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अदलपुर के पास नाकेबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद चालक ने मकई के खेत के पास वाहन रोक दिया और खलासी के साथ कूदकर फरार हो गया।
2455 बोतल विदेशी शराब बरामद
शुक्रवार सुबह जब जब्त पिकअप की तलाशी ली गई, तो उसमें से ‘ऑल सीजन’ ब्रांड की कुल 2455 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने सभी शराब को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रख लिया है।
वाहन मालिक की पहचान में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाना था।
तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
(रिपोर्ट: कोशी लाइव)