Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:333 लीटर शराब के साथ 2 पुलिसकर्मी गिरफ्तार:दोनों को किया गया निलंबित, पुलिस की निशानदेही पर कारोबारी पकड़ाया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 13, 2026

BIHAR:333 लीटर शराब के साथ 2 पुलिसकर्मी गिरफ्तार:दोनों को किया गया निलंबित, पुलिस की निशानदेही पर कारोबारी पकड़ाया

गोपालगंज में शराब तस्करी में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, 333 लीटर शराब बरामद

गोपालगंज: बिहार में शराबबंदी के बीच गोपालगंज से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 333 लीटर शराब के साथ बिहार पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई शराब की खेप

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना पुलिस कोटनारहवा गांव के पास नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान बिहार पुलिस के जवान अमित कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एक जवान टेक्निकल सेल में, दूसरा रह चुका विधायक का बॉडीगार्ड

गिरफ्तार राहुल कुमार एसपी ऑफिस के टेक्निकल सेल में तैनात बताया जा रहा है, जबकि अमित Kumar पूर्व में एक जेडीयू विधायक का बॉडीगार्ड रह चुका है। वर्तमान में वह कुचायकोट डायल-112 में पदस्थापित था।

अमित कुमार पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र निवासी किशोर चौधरी का पुत्र है, जबकि राहुल कुमार नवादा नगर थाना क्षेत्र निवासी बिनोद साहु का बेटा बताया गया है।

ड्यूटी खत्म होने के बाद निजी वाहन से ला रहे थे शराब

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों जवान ड्यूटी समाप्त होने के बाद निजी वाहन से उत्तर प्रदेश से बिहार शराब की खेप लेकर आ रहे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की सप्लाई किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिसकर्मियों की निशानदेही पर एक और आरोपी गिरफ्तार

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की निशानदेही पर अवैध शराब कारोबार में शामिल एक अन्य आरोपी अहमद रजा खान उर्फ सारूक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कुचायकोट थाना क्षेत्र के मलही गांव निवासी जाहिद खान का पुत्र बताया गया है।

पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान कर कार्रवाई की।

दोनों पुलिसकर्मी निलंबित

एसपी ने कहा कि गिरफ्तार दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि गोपालगंज पुलिस कानून से ऊपर किसी को नहीं मानती। विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पुलिसकर्मी अथवा व्यक्ति की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

इस मामले में गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।