पटना में बड़ा घूसकांड: कदमकुआं थाने के एडिशनल SHO अर्जुन यादव 7 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पटना | कदमकुआं थाना क्षेत्र
बिहार की राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कदमकुआं थाने में तैनात एडिशनल एसएचओ अर्जुन यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई, जब आरोपी पुलिस अधिकारी एक मामले को कमजोर करने और केस डायरी अपने पक्ष में मैनेज करने के एवज में शिकायतकर्ता से पैसे ले रहा था।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, कदमकुआं निवासी शमशाद आलम ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एडिशनल एसएचओ अर्जुन यादव उन्हें एक केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे।
बताया गया कि कांड संख्या 315-26 में नाम जोड़ने या कार्रवाई बढ़ाने के नाम पर उनसे 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
स्पेशल टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा
शुरुआती जांच में शिकायत सही मिलने पर निगरानी विभाग ने डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया। पूरी योजना के तहत गुरुवार को जाल बिछाया गया।
तय स्थान पर जैसे ही अर्जुन यादव ने रिश्वत की रकम ली, निगरानी टीम ने बुद्ध मूर्ति के पास जस्टिस राज किशोर पथ पर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
रिश्वत की रकम बरामद, पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें निगरानी मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही, विभागीय स्तर पर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।