24 घंटे में चोरी का खुलासा: किशनगंज पुलिस ने गैस सिलेंडर व एम्प्लीफायर बरामद कर 2 आरोपितों को दबोचा
किशनगंज/पोठिया | अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र
किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी संपत्ति चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी कनक लता ने किया। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में किशनगंज भेज दिया गया।
स्कूल का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बालूबाड़ी में सोमवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर दो बड़े गैस सिलेंडर, आहूजा कंपनी का एम्प्लीफायर और अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद उसी रात दोनों सिलेंडरों को छत्तरगाछ इलाके में बेच दिया गया।
छापेमारी में बरामद हुआ चोरी का सामान
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कनक लता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि चोरी में शामिल युवक नशे के आदी हैं और छत्तरगाछ क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने छापेमारी कर मन्नान की गैस सिलेंडर दुकान से एक चोरी का सिलेंडर बरामद किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कोल्था पंचायत के कुशियारबाड़ी निवासी मो. जावेद और छत्तरगाछ निवासी मो. जाहिद ने सिलेंडर बेचे थे।
घेराबंदी कर दोनों आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए मन्नान के पुत्र सोहेल की दुकान से दूसरा सिलेंडर भी बरामद किया। बुधवार को दोनों आरोपित चोरी की एम्प्लीफायर मशीन को मोटरसाइकिल से चिचुवाबाड़ी में बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से चोरी की एम्प्लीफायर मशीन और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक (नंबर BR 37 AF 7646) भी बरामद की गई।
नशे की लत के लिए करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे स्मैक के नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे गांव के एकांत में स्थित स्कूलों को निशाना बनाते थे। चोरी के दोनों सिलेंडर उन्होंने मात्र 2 हजार रुपये में बेच दिए थे।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
मिली जानकारी के अनुसार, मो. जावेद पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। वहीं जाहिद भी नशे की लत के कारण पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस कार्रवाई पर लोगों ने जताया आभार
थाना प्रभारी कनक लता की इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने आभार जताया है। वहीं ग्रामीणों ने मन्नान और उनके पुत्र सोहेल पर चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।