Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 ग्राम हेरोइन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 16, 2026

BIHAR:पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 ग्राम हेरोइन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त

वैशाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 ग्राम हेरोइन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त
वैशाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 52 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन, एक स्कॉर्पियो वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 की शाम महिसौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मादक पदार्थ तस्कर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, वैशाली के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआ संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने हर प्रसाद चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार छह लोगों के पास से 52 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन बरामद हुई। मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में जंदाहा (महिसौर) थाना में कांड संख्या 256/26 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार, सुजित कुमार, रोहित कुमार, आलोक कुमार, शशिकांत कुमार और गणेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी वैशाली जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे नागालैंड से अवैध मादक पदार्थ लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे। आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और सभी अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।