खगड़िया जिले की चौथम थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 484 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक, खगड़िया के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौथम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि “डाक पार्सल” लिखे एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप ग्राम पहाड़चक मोड़ पर उतारा जाने वाला है।
सूचना के आधार पर चौथम थाना पुलिस ने डीआईयू टीम खगड़िया और एसटीएफ (SOG-03) पटना के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन संख्या BR-31GC-0940 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से चार कार्टन में रखा 484 लीटर कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया। बरामद कफ सिरप में 100 एमएल की कुल 4840 बोतलें शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार निवासी दीदारगंज पटना, मुरत मंडल निवासी मानसी खगड़िया, राहुल कुमार निवासी दीदारगंज पटना, मो. जीशान निवासी साहेबपुर कमाल बेगूसराय तथा नीरज कुमार निवासी साहेबपुर कमाल बेगूसराय के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है। इस संबंध में चौथम थाना कांड संख्या 157/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में थानाध्यक्ष अजीत कुमार, पुलिस पदाधिकारी सिंधु कुमार, अभिमन्यु कुमार, डीआईयू टीम खगड़िया, एसटीएफ पटना तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।