पूर्णिया में बंधक छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत 6 पुलिसकर्मी घायल
जिले के थाना क्षेत्र के ढोकवा अंडी टोला में जमीन विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा दो लोगों को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में धमदाहा थानाध्यक्ष, एसआई समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। कई थानों की पुलिस के साथ वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल और जीएमसीएच में चल रहा है।
जमीन विवाद से शुरू हुआ बवाल
पीड़ित पक्ष की पूजा मुर्मू ने बताया कि उनके पति रंजन सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों ने गांव के भोला सिंह से छह से सात बीघा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि जमीन खरीदने के बावजूद गांव के कुछ लोग उन्हें खेती नहीं करने दे रहे थे। इसको लेकर प्रशासन से शिकायत की गई थी।
पूजा मुर्मू के अनुसार, शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम गांव पहुंची थी और मामले की जानकारी लेकर वापस चली गई। इसके बाद गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और प्रशासन बुलाने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि ग्रामीणों ने घर में घुसकर उनके देवर अशोक सोरेन और ससुर बाबूलाल सोरेन को जबरन उठा लिया और बंधक बना लिया। पीड़ित परिवार ने विनोद हेम्ब्रम, भगवान और उनके परिवार के सदस्यों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
घायल अशोक सोरेन ने बताया कि करीब 30 लोग हथियार लेकर उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से सिर व गर्दन पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे बाबूलाल सोरेन को भी बेरहमी से पीटा गया।
घटना की सूचना मिलने पर धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और ग्रामीण उग्र हो गए।
पुलिस टीम पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस वाहनों को घेरकर उनके शीशे तोड़ दिए गए। हमले में थानाध्यक्ष, एक एसआई समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पीड़ित पक्ष के पांच अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी और बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम भी पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।