मुंगेर में स्कॉर्पियो से 315 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार
एसबीएन कॉलेज के समीप वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई, 420 बोतल शराब जब्त
मुंगेर. नयारामनगर थाना क्षेत्र के महमदा पाटम स्थित एसबीएन कॉलेज के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 315 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नयारामनगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फोरलेन से उतरकर एक स्कॉर्पियो वाहन मस्जिद मोड़ की ओर जा रही है, जिसमें भारी मात्रा में शराब तस्करी कर लायी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसबीएन कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर भागे तस्कर
वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया। इसी दौरान उसमें सवार कुछ लोग वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन सभी आरोपी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें 35 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड और साइज की कुल 420 बोतलें शामिल थीं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 315 लीटर है।
स्कॉर्पियो जब्त, तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शराब और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर थाना लाया है। मामले को लेकर नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।