सीतामढ़ी में निगरानी का बड़ा एक्शन, 1.45 लाख रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार
Vigilance Action in Bihar: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामला सीतामढ़ी जिले से सामने आया है, जहां निगरानी की टीम ने पुपरी नगर परिषद में पदस्थापित एक जूनियर इंजीनियर को 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुपरी नगर परिषद में कार्यरत जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा पर एक संवेदक से घूस मांगने का आरोप लगा था। संवेदक ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
बताया गया कि शुक्रवार को निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। जैसे ही जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा संवेदक से 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था, उसी दौरान निगरानी की टीम ने छापेमारी कर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी इंजीनियर को अपने साथ पूछताछ के लिए लेकर चली गई। इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। बिहार में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी पर नकेल कसने की कोशिश जारी है।