Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में शिक्षिका समेत 3 की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2026

खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में शिक्षिका समेत 3 की मौत

खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में शिक्षिका समेत 3 की मौत

Khagaria Road Accident: खगड़िया जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षिका समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बंधु पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान ट्रक के पीछे चल रही बाइक भी अचानक ब्रेक लगने से ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार शिक्षिका और चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान परबत्ता प्रखंड के खीराडीह पंचायत वार्ड संख्या-3 निवासी शिक्षिका कुमारी रूबी (34), नवगछिया के साहू परबत्ता निवासी नीतीश कुमार (38) और झंझड़ा निवासी चालक विकास कुमार (35) के रूप में हुई है। वहीं घायल सोनू कुमार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है।

बताया गया कि शिक्षिका कुमारी रूबी मध्य विद्यालय मंडल टोला चकरामी, नारायणपुर में कार्यरत थीं और भागलपुर अपने घर जा रही थीं। उनके पति पटना में क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर पद पर तैनात हैं और फिलहाल एक केस के सिलसिले में उत्तर प्रदेश गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वह खगड़िया लौट रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान कार से भिड़ गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान शिक्षिका कुमारी रूबी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक विकास कुमार ने सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार और अपर थानाध्यक्ष रिशु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ट्रैफिक डीएसपी तिरलोकी नाथ मिश्रा ने बताया कि ट्रक काफी तेज गति में था और ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। शिक्षिका कुमारी रूबी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने एनएच-31 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।