Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 10.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 7, 2026

BIHAR:स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 10.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

अररिया में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 10.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

गुदरी हाट में चल रहा था नशे का कारोबार, नेपाली और भारतीय मुद्रा भी बरामद

बथनाहा (अररिया) से विनय ठाकुर की रिपोर्ट :

बथनाहा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडल चौक स्थित गुदरी हाट से 10.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नेपाली और भारतीय मुद्रा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

Loading advertisement...

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भद्रेश्वर निवासी मो. जाबिर उर्फ पोठिया, मो. जागीर तथा बथनाहा मंडल चौक निवासी नितेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुदरी हाट क्षेत्र में स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मो. जाबिर स्मैक बेचने के लिए वहां पहुंचा था और अन्य दो आरोपियों के साथ सौदेबाजी चल रही थी।

नकदी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 10.55 ग्राम स्मैक, 15,900 नेपाली रुपये, 4,300 भारतीय रुपये, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक तराजू का इस्तेमाल स्मैक की तौल के लिए किया जा रहा था।

इलाके में मचा हड़कंप

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।