अजगैवीनाथ धाम के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू पंचतत्व में विलीन, 10 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि; नम आंखों से उमड़ा जनसैलाब
गंगानगरी में पसरा मातम, हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
अजगैवीनाथधाम (भागलपुर)। कद्दावर भाजपा नेता, पूर्वांचल बिहार-झारखंड मध्यदेशीय वैश्य समाज के नव-मनोनित अध्यक्ष और अजगैवीनाथ धाम नगर परिषद के मुख्य पार्षद (सभापति) राजकुमार गुड्डू का 10 मई को निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे अजगैवीनाथ धाम सहित पूर्वांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अल्पायु में ही उनका यूं असमय चले जाना लोगों को अंदर तक झकझोर गया।
रविवार को पवित्र उत्तर वाहिनी गंगा तट स्थित मुक्तिधाम गंगा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान और भारी जनसैलाब की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल इतना भावुक था कि हर आंख नम दिखाई दे रही थी।
बेटे राजवीर ने कांपते हाथों से दी पिता को मुखाग्नि
मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू के 10 वर्षीय पुत्र राजवीर कुमार ने कांपते हाथों से अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हजारों लोग भावुक हो उठे। मुखाग्नि देने से पहले मासूम बेटे ने बिलखते हुए कहा — “पापा उठो ना… आज आपका बर्थडे है…” यह सुनकर मुक्तिधाम घाट पर मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक सके।
पूरा गंगा घाट शोक और सन्नाटे में डूब गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
मुख्य पार्षद के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मुख्य चौक बाजार स्थित उनके आवास पर रखा गया था। हजारों की संख्या में लोग वहां पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। सड़क के दोनों किनारों पर लोग कतारबद्ध होकर खड़े रहे और पुष्प वर्षा कर अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद शव यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। शव यात्रा के दौरान पूरा शहर “राजकुमार गुड्डू अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
महर्षि मेंही आश्रम से पुराने आवास तक निकली शव यात्रा
शव यात्रा से पहले उनके पार्थिव शरीर को सत्संग गली स्थित महर्षि मेंही आश्रम ले जाया गया। वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शव को थाना रोड स्थित पुराने आवास तक ले जाया गया।
कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के नेतृत्व में हजारों समर्थकों का काफिला शव यात्रा में शामिल हुआ। प्रशासनिक पदाधिकारी आगे-आगे चल रहे थे, जबकि समर्थकों और वाहनों की लंबी कतार पीछे चल रही थी। पूरे रास्ते लोग फूल बरसाकर उन्हें श्रद्धांजलि देते रहे।
अंतिम संस्कार में जुटे कई दिग्गज
मुख्य पार्षद के अंतिम संस्कार में भागलपुर के नगर विधायक रोहित पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दक्षिण बिहार प्रांत प्रचारक उमेश, प्रांत सह प्रचारक आशीष कुमार, कहलगांव नगर पंचायत के चेयरमैन संजीव कुमार चंद्रवंशी, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष टुनटुन साह, खगड़िया के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, सुल्तानगंज के थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु आईपीएस सायंम रज़ा, मृत्युंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार और अजगैवीनाथ धाम मंदिर के स्थानापति प्रेमानंद गिरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और व्यवसायिक वर्ग के लोग भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
बाजार बंद, पूरे शहर में शोक का माहौल
राजकुमार गुड्डू के निधन के बाद रविवार को अजगैवीनाथ धाम में अधिकतर दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर में हर तरफ शोक का माहौल दिखाई दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनय शर्मा, आरजेडी नेता नट बिहारी मंडल, विवेकानंद यादव, समाजसेवी शिवम चौधरी और मिथिलेश कुमार चंद्रवंशी सहित कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
28 अप्रैल की गोलीबारी में हुए थे गंभीर रूप से घायल
बताया गया कि 28 अप्रैल को नगर परिषद कार्यालय में हुई सनसनीखेज गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या कर दी गई थी। इसी घटना में मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में मातम छा गया।
मां शारदा देवी को देर तक नहीं बताई गई बेटे की मौत
परिवार के लोगों ने मुख्य पार्षद की मां शारदा देवी को बेटे की मौत की खबर काफी देर तक नहीं बताई। बताया गया कि शनिवार दोपहर जब डॉक्टरों की टीम जांच के लिए पहुंची, तब मां बार-बार पूछती रहीं — “गुड्डू कैसा है… वह ठीक तो है ना?”
शाम के बाद जब उन्हें बेटे के निधन की जानकारी मिली, तो वह चीत्कार मारकर रोने लगीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
मुख्यमंत्री ने दिया स्पीडी ट्रायल का निर्देश
राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया है कि सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और सभापति राजकुमार गुड्डू की हत्या में शामिल अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने जताई संवेदना
बिहार सरकार की उद्योग और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह रविवार रात दिवंगत मुख्य पार्षद के आवास पहुंचीं। उन्होंने मां शारदा देवी, पत्नी दीपिका, पुत्र राजवीर और अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मंत्री ने कहा कि राजकुमार गुड्डू एक सरल, सहज, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। उनका निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
समाज सेवा और जनप्रियता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे राजकुमार गुड्डू
राजकुमार गुड्डू का राजनीतिक और सामाजिक जीवन बेहद सक्रिय रहा। वे समाज सेवा और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहते थे। लोगों के बीच उनकी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
उनके निधन से अजगैवीनाथ धाम सहित पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसानी से संभव नहीं होगी। उनके संघर्ष, सादगी, समाज सेवा और जनहित के कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।