बेगूसराय में पूर्व विधायक की कथित AI फोटो वायरल, फर्जी फेसबुक आईडी पर FIR; राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप
बेगूसराय जिले की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब मटिहानी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और जदयू के वरिष्ठ नेता राजकुमार सिंह की कथित अश्लील तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। दावा किया जा रहा है कि तस्वीर एआई तकनीक की मदद से बनाई गई है और इसे वर्तमान राजद विधायक के नाम से बने एक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया गया।
मामले को लेकर वर्तमान विधायक नरेंद्र कुमार सिंह ने रिफाइनरी थाना और एनसीआरबी पोर्टल पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित फेसबुक आईडी को फर्जी बताते हुए कहा है कि उनके नाम और छवि का दुरुपयोग किया गया है।
एआई तकनीक से तस्वीर बनाने का आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में पूर्व विधायक राजकुमार सिंह एक महिला के साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ने साइबर थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। वहीं जदयू नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधान पार्षद भूमिपाल राय के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक मनीष से मिला और कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस और साइबर थाना की टीम मामले की जांच में जुट गई है। संबंधित फेसबुक आईडी फिलहाल ब्लॉक बताई जा रही है।
“राजनीति में नीचता की पराकाष्ठा”
पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह राजनीति में गिरावट और चरित्र हनन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारों का होना चाहिए, न कि किसी की छवि खराब करने का प्रयास।
उन्होंने कहा कि एआई के दौर में किसी की भी फर्जी तस्वीर बनाकर वायरल करना आसान हो गया है, लेकिन सच्चाई ज्यादा दिन छिप नहीं सकती।
राजकुमार सिंह ने कहा कि जो भी लोग इस कृत्य में शामिल होंगे, वे जल्द कानून के दायरे में आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया उन्हें लगता है कि इस मामले में वर्तमान विधायक बोगो सिंह का हाथ हो सकता है।
“पिछले डेढ़ साल से उसी आईडी से पोस्ट हो रहे कार्यक्रम”
पूर्व विधायक ने दावा किया कि जिस फेसबुक आईडी से तस्वीर पोस्ट की गई, उसी आईडी से पिछले डेढ़ साल से विधायक के कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए जाते रहे हैं। चुनाव के दौरान भी इसी अकाउंट से प्रचार सामग्री पोस्ट की जाती थी।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित आईडी फर्जी है या उसका दुरुपयोग किया गया है तो इसकी सच्चाई जांच के बाद सामने आ जाएगी।
विधायक के बेटे ने कहा- फर्जी आईडी बनाकर छवि खराब करने की साजिश
वर्तमान विधायक बोगो सिंह के बेटे सुमित कुमार ने कहा कि उनके पिता के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। उसी आईडी से पूर्व विधायक की तस्वीर वायरल की गई।
उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही साइबर सेल में आवेदन दिया गया है और पुलिस जांच कर रही है। सुमित ने कहा कि यह उनके पिता की राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने की साजिश है।
साइबर डीएसपी बोले- जांच जारी
इमरान अहमद ने बताया कि पूर्व विधायक राजकुमार सिंह के पीए वीरेश कुमार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में एआई जनरेटेड अश्लील तस्वीर वायरल करने की शिकायत की गई है।
साइबर डीएसपी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। संबंधित फेसबुक आईडी वर्तमान विधायक के नाम से बनी हुई है, लेकिन पूरा मामला जांच का विषय है।