Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में पत्तल फैक्ट्री की आड़ में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, STF की छापेमारी में 10 अर्द्धनिर्मित पिस्टल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 18, 2026

पूर्णिया में पत्तल फैक्ट्री की आड़ में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, STF की छापेमारी में 10 अर्द्धनिर्मित पिस्टल बरामद

पूर्णिया में पत्तल फैक्ट्री की आड़ में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, STF की छापेमारी में 10 अर्द्धनिर्मित पिस्टल बरामद
पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का बड़ा खुलासा हुआ है। इटहरी पंचायत के हरिपुर गांव में पत्तल बनाने की आड़ में अवैध हथियार निर्माण का धंधा चल रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, लोहे की प्लेट, लेथ मशीन, कटर मशीन समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
कार्रवाई पटना एसटीएफ, कोलकाता एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पत्तल फैक्ट्री की आड़ में बन रहे थे हथियार
पुलिस के अनुसार, गांव में लंबे समय से पत्तल बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी लोगों को थी, लेकिन उसी की आड़ में अवैध हथियार निर्माण का काम चल रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर जिले के बासुदेवपुर जरबेहरा निवासी मु. आफताब आलम, गुलजार पोखर कोतवाली निवासी मु. अनवर, हरिपुर गांव निवासी मिट्ठू कुमार और गब्बर मंडल शामिल हैं।
छह माह से बन रही थी योजना
जांच में खुलासा हुआ है कि हरिपुर गांव में अवैध हथियार फैक्ट्री शुरू करने की योजना पिछले छह माह से बनाई जा रही थी, जबकि पिछले दो माह से वहां नियमित रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे।
यहां तैयार पिस्टलों की सप्लाई बिहार के विभिन्न जिलों में की जाती थी। पुलिस के अनुसार पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड मुंगेर निवासी सूरज कुमार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमीन के 20 फीट नीचे लगाई गई थी मशीन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लेथ मशीन को जमीन में करीब 20 फीट गहरा गड्ढा खोदकर लगाया गया था, ताकि मशीन की आवाज बाहर न जा सके और किसी को शक न हो। यही वजह रही कि गांव वालों को लंबे समय तक इसकी भनक तक नहीं लगी।
STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की
इस छापेमारी अभियान में अली साबरी, सोहम चटर्जी, संदीप गोल्डी और रविशंकर कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मौके से भारी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री बरामद की गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है और जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।