बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा मानसी थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित ठाठा गांव के पास सोमवार शाम करीब चार बजे हुआ। यात्रियों से भरा एक ऑटो खगड़िया से महेशखूंट की ओर जा रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में महिलाएं, युवक और मासूम बच्चा शामिल
बताया जा रहा है कि मृतकों में तीन महिलाएं, एक युवती, दो युवक और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने में जुट गए।
घायलों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
भागने के दौरान ट्रक ने अन्य वाहनों को भी मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने एक पिकअप वैन और टाटा सफारी को भी टक्कर मार दी।
हालांकि लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की टीम मानसी थाना क्षेत्र से मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-31 पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।