पूर्णिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 91 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्णिया में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मरंगा थाना पुलिस और बियाडा टीओपी की संयुक्त टीम ने मरंगा टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक स्कॉर्पियो से करीब 91 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया। बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार और बियाडा टीओपी अध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में मरंगा टोल प्लाजा के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 91 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गांजा बरामद होते ही पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अररिया जिले के फारबिसगंज जामुन चौक निवासी बजरंग पासवान और जोगबनी के विष्णुपुर पिपरा निवासी पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा के साथ-साथ इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जिले या राज्य में सप्लाई किया जाना था। आशंका जताई जा रही है कि यह खेप किसी बड़े नेटवर्क के जरिए दूसरे जिलों में पहुंचाई जानी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।
मरंगा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की पहचान में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।