सहरसा में तेज रफ्तार बोलेरो पलटी: 7 घायल, 2 की हालत गंभीर; ड्राइवर फरार
सहरसा। जिले के बनगांव थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में वाहन में सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
Loading advertisement...
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी लोग
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। सभी लोग महिषी थाना क्षेत्र के झाड़ा गांव में आयोजित एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे।
घायल महेंद्र मुखिया ने बताया कि बोलेरो तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान अचानक गाड़ी का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।
अनियंत्रित होकर घूमने लगी गाड़ी
टायर फटते ही बोलेरो सड़क पर अनियंत्रित होकर एक ही जगह घूमने लगी। इसी दौरान गाड़ी का दरवाजा खुल गया और उसमें सवार लोग बाहर गिर पड़े, जिससे सभी को चोटें आईं। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार करीब 130 किमी/घंटा थी।
महेंद्र मुखिया के अनुसार, उन्होंने ड्राइवर को कई बार धीरे चलाने के लिए कहा था, लेकिन उसने बात नहीं मानी।
इन लोगों को आई चोटें
इस हादसे में घायल होने वालों में—
- 35 वर्षीय बगेट मुखिया
- 60 वर्षीय महेंद्र मुखिया
- 15 वर्षीय मांगीलाल कुमार
- 22 वर्षीय धीरज कुमार
- 14 वर्षीय संगम कुमार
- 50 वर्षीय सोहन मुखिया
- 12 वर्षीय सुजीत कुमार
सभी घायल बनगांव थाना क्षेत्र के मुरली बसंतपुर पंचायत अंतर्गत भुसवर डीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
दो की हालत गंभीर, फ्रैक्चर की पुष्टि
हादसे में सोहन मुखिया के हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सुजीत कुमार का भी पैर टूट गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सदर अस्पताल से निजी अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बरियाही स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने सभी को सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने जांच शुरू की
बनगांव थाना अध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: कोशी लाइव)