Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:एटीएम कार्ड बदलकर रुपये उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 16, 2026

PURNEA:एटीएम कार्ड बदलकर रुपये उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए


एटीएम कार्ड बदलकर रुपये उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

जलालगढ़ थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से रुपये निकासी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया है।

जानकारी देते हुए जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि 5 अप्रैल 2025 को थाना में इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। थानाक्षेत्र के धनगामा निवासी एहसान ने आवेदन देकर बताया था कि 20 फरवरी 2025 को जलालगढ़ बाजार स्थित Canara Bank के एटीएम में कुछ लोगों ने हेराफेरी कर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से 17 हजार 500 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने बैंक प्रबंधक को इसकी सूचना दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह के एक सदस्य को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसी मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन कुमार और सोनू कुमार के रूप में हुई है। दोनों रूपौली थाना क्षेत्र के झलारी रूपौली निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि एटीएम में लेन-देन के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस एवं बैंक प्रबंधन को दें।