HighLights
पूर्णिया में 3.186 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
पश्चिम बंगाल से बाइक के जरिए धुसमल में करने जा रहे थे सप्लाई।
पूर्णिया : जिले के अनगढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3.186 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौटा थाना क्षेत्र के चुनामारी वार्ड संख्या-11 निवासी साजन (25) और किशनगंज जिले के कोलटोला पिछला निवासी रजाउल हक (28) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:55 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से महानंदा नदी के रास्ते अपाचे बाइक पर गांजा लाकर धुसमल गांव में डिलीवरी की जानी है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार चौधरी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया।
पुलिस टीम बुधियार से धुसमल जाने वाली सड़क पर फकीरा चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 10:05 बजे लाल और काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक घुमाकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान एक सफेद झोले से दो पैकेट गांजा बरामद किया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पहले पैकेट का वजन 2.146 किलोग्राम और दूसरे का 1.040 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल 3.186 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से 15 हजार रुपये में गांजा खरीदकर धुसमल में 30 हजार रुपये में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में अनगढ़ थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।