Highlights
शराब की खेप एक लग्जरी टोयोटा कार में गुप्त केबिन और सीटों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने मुख्य सरगना रवि सिंह की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
अररिया: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए अररिया जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बियर बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक आलीशान टोयोटा कार को जब्त करते हुए दो अंतर-जिला तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त कार से कुल 393.435 लीटर विदेशी शराब और बियर बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।
बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ी गई कार
नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नंबर BR 37AC 9065 की टोयोटा कार में भारी मात्रा में शराब लोड कर कमलदाहा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुअनि सोनिया साहनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने अररिया बस स्टैंड और कमलदाहा पंचायत भवन के पास घेराबंदी की। भोर करीब 4:45 बजे संदिग्ध कार पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेरकर वाहन रोक लिया और उसमें सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया।
सीटों के नीचे और गुप्त केबिन में छुपाई गई थी शराब
तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की, सीटों के नीचे और गुप्त केबिन से शराब की बड़ी खेप मिली। बरामदगी में शामिल हैं:
07 कार्टून बियर — 252 लीटर
22 कार्टून विदेशी शराब और 38 बोतलें — 141.435 लीटर
कुल बरामदगी — 393.435 लीटर अवैध शराब
दो तस्कर गिरफ्तार, रवि सिंह बना मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पैकटोला निवासी 22 वर्षीय सुनील कुमार और 30 वर्षीय डब्लू ठाकुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप मुख्य सरगना रवि सिंह ने लोड करवाई थी और इसे सिरिसिया गांव पहुंचाना था।
नगर थाना में कांड संख्या 279/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रवि सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की आगे की जांच एसआई प्रदीप कुमार पांडेय को सौंपी गई है।