मधुबनी/दरभंगा। दरभंगा के केवटी प्रखंड में तैनात बीडीओ चंद्रमोहन पासवान का घर मधुबनी के बाबूबरही प्रखंड के बैंसी गांव में है।आज सुबह पटना से आर्थिक अपराध इकाई की दो टीम वहां छापामारी करने आई है।
उनके घर के अलावा बाबूबरही पूर्वी बाजार में उनका एक बंद पड़ा जीटी हेल्थ केयर नर्सिंग होम है। जिसमें भी छापामारी की जा रही है।
इसके अलावा उनके भाई विश्वमोहन पासवान, जो खजौली रेलवे स्टेशन पर एएसएम हैं, के घर पर भी तलाशी चल रही है। आर्थिक अपराध इकाई की टीम कुल 6 ठिकानों पर छापामारी कर रही है। जिसमें दरभंगा और दूसरी जगह के बारे में कहा जा रहा है।
दरभंगा में भी चल रही कार्रवाई
केवटी के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमोहन पासवान के दरभंगा स्थित दो ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापामारी चल रही है।

बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के सरकारी आवास पर EOU की छापामारी के दौरान गेट पर तैनात जवान।
केवटी प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी आवास एवं बहादुरपुर थाना क्षेत्र के देकुली स्थित किराये के आवास पर टीम पहुंची हुई है।
मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी वारंट निर्गत होने के बाद ईओयू की टीम कार्रवाई में जुटी है।

बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के आवास पर छापामारी करते आर्थिक अपराधी इकाई की टीम।
बताते हैं कि चंद्रमोहन पासवान पर करीब 89 लाख 13 हजार 500 रुपये आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
जांच के दौरान उनकी संपत्ति घोषित आय से करीब 81 प्रतिशत अधिक पाई गई। इसके बाद ईओयू ने कार्रवाई शुरू की है।
बीडीओ चंद्र मोहन पासवान पर गंभीर आरोप
दरभंगा में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने बुधवार को केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के बहादुरपुर स्थित निजी आवास और उनके साले के जीटी मार्ट सहित सरकारी आवास में एक साथ छापामारी की।
सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई कार्रवाई अब भी जारी है। छापामारी के दौरान केवटी और बहादुरपुर थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद है।
ईओयू की अलग अलग टीम को कई गाड़ियों से पहुंची । सबसे पहले केवटी स्थित उनके सरकारी आवास को खंगालने के लिए टीम पंहुची। इसके बाद अधिकारियों ने जीटी मार्ट माल में फाइल, कागजात और अन्य दस्तावेजों की जांच की।

वहीं, बीडीओ के आवास पर जमीन से जुड़े कागजात, गोदरेज, दीवान-पलंग समेत पूरे घर की तलाशी ली गई। अधिकारियों द्वारा संपत्ति और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि केवटी निवासी मो. इकबाल अंसारी ने बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि चंद्र मोहन पासवान ने सीतामढ़ी के नानपुर, समस्तीपुर के विभूतिपुर तथा केवटी प्रखंड में पदस्थापन के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित की।
बेनामी संपत्ति में पहचान छिपाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बीडीओ ने अपनी पहचान और सेवा पुस्तिका में हेराफेरी की है तथा बेनामी संपत्ति खरीद में पहचान छिपाने का प्रयास किया। आवेदन में कहा गया है कि मां और भाई के नाम पर संपत्ति अर्जित कर उन्हें आश्रित सूची से बाहर रखा गया।
आरोपों के अनुसार दरभंगा के बहादुरपुर में पत्नी के नाम पर संपत्ति, मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में भाई के नाम पर जमीन, बहादुरपुर में पत्नी की भूमि पर सीतामढ़ी निवासी साले के नाम से जीटी मार्ट संचालन, बाबूबरही में जीटी हेल्थ मेमोरियल हॉस्पिटल का संचालन तथा दरभंगा हवाई अड्डा क्षेत्र और एम्स इलाके में पत्नी और साले चुन्नू चौधरी के नाम से जमीन खरीदने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि, अब तक ईओयू की ओर से छापामारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।