Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत, कन्नौज के पास हुआ भीषण एक्सीडेंट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 1, 2026

BIHAR:भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत, कन्नौज के पास हुआ भीषण एक्सीडेंट

हेडलाइन:
भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत, कन्नौज के पास हुआ भीषण एक्सीडेंट

भागलपुर। जिला कांग्रेस के हाल ही में बने अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की दिल्ली से लौटने के दौरान उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार उनकी साली, भतीजा और ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


महज एक महीने पहले मिली थी जिम्मेदारी

मिली जानकारी के अनुसार, प्रवीण सिंह कुशवाहा को करीब एक महीने पहले ही भागलपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें पार्टी का समर्पित और जमीनी नेता माना जाता था, जिन्होंने संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया था। उनके असमय निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

बताया गया कि प्रवीण सिंह कुशवाहा दिल्ली से भागलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुक्रवार शाम हुए इस हादसे में उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई।

नेता अमित आनंद ने की पुष्टि

घटना की पुष्टि भागलपुर कांग्रेस के युवा नेता अमित आनंद ने की। उन्होंने बताया कि प्रवीण सिंह कुशवाहा अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। खबर फैलते ही पूरे जिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस में शोक का माहौल बन गया।

2020 में लड़ा था विधानसभा चुनाव

प्रवीण सिंह कुशवाहा लंबे समय से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस से जुड़े रहे थे। उन्होंने वर्ष 2020 में पटना साहिब से विधानसभा चुनाव लड़ा था। वहीं 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कहलगांव सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया था।

डिवाइड से रगड़ती हुई पोल से टकराई कार

घायलों की पहचान भागलपुर के आस्था पटल मंदिर निवासी विनोद मंडल (40), प्रवीण सिंह कुशवाहा की साली कुमारी सपना (23) और सासाराम के शोभागंज निवासी विभु आर्यन (20) के रूप में हुई है। विभु आर्यन मृतक नेता के भतीजे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र स्थित एक्सप्रेस-वे पर चालक विनोद मंडल को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से रगड़ती हुई NPR के बीच स्थित एक पिलर से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में प्रवीण सिंह कुशवाहा और कुमारी सपना गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक विनोद मंडल और विभु आर्यन को मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही तालग्राम थाना पुलिस, गश्ती दल, सेफ्टी और रिकवरी टीम और एंबुलेंस के साथ सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

उनके निधन पर कांग्रेस नेता मुजफ्फर अहमद सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि पार्टी ने एक कुशल संगठनकर्ता और जमीनी नेता को खो दिया है। घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर स्थित उनके आवास और पैतृक गांव में मातम का माहौल है।