कटिहार में 25 साल की युवती ने 60 वर्षीय बुजुर्ग से की शादी
मंदिर में ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई शादी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 25 साल की युवती ने 60 वर्षीय बुजुर्ग से गांव के मंदिर में शादी कर ली। शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों सैकड़ों ग्रामीणों के सामने अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।
यह मामला कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत बाघमारा पंचायत का बताया जा रहा है। युवती की पहचान डॉली कुमारी के रूप में हुई है, जबकि बुजुर्ग व्यक्ति का नाम सुग्रीव पासवान है।
गांव वालों ने दोनों को साथ देखा, फिर बुलाई गई पंचायत
स्थानीय समाजसेवी करण मानस ने बताया कि ग्रामीणों ने दोनों को पहले भी कई बार एक-दूसरे से मिलते देखा था। बुधवार को भी दोनों गांव के गाछी में मिले थे, जिसके बाद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से प्रेम करने की बात कही और साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में काफी समझाने के बावजूद दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। अंततः ग्रामीणों की सहमति से गांव के मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
मंदिर में विधि-विधान से हुआ विवाह
ग्रामीणों और महिलाओं की मौजूदगी में मंदिर परिसर में विवाह की रस्में पूरी की गईं। पहले दोनों ने भगवान की पूजा-अर्चना की, फिर एक-दूसरे को माला पहनाई। इसके बाद सुग्रीव पासवान ने डॉली की मांग में सिंदूर भरा।
पंडित ने पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया। शादी देखने के लिए आसपास के गांवों के लोग भी मंदिर पहुंच गए। विवाह के बाद ग्रामीणों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
ऐसे शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, सुग्रीव पासवान पहले लोहे की दुकान में काम करते थे। करीब दो साल पहले डॉली कुमारी दुकान पर सामान खरीदने पहुंची थी। वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई थी।
इसके बाद सामान खरीदने और अन्य कामों के सिलसिले में दोनों की बातचीत बढ़ती गई। डॉली ने बताया कि बाद में दोनों बाजार में मिले, जहां लंबी बातचीत हुई। उसी दौरान सुग्रीव ने उसे घर तक छोड़ा था। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे और नजदीकियां बढ़ती गईं।
डॉली के कहने पर ही सुग्रीव ने दुकान का काम छोड़कर रिक्शा चलाना शुरू किया। वह कई बार डॉली को स्टेशन और बाजार भी छोड़ने जाता था। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य बात समझा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते की चर्चा गांव में होने लगी।
“इन्होंने मेरा ख्याल रखा, इसलिए प्यार हो गया”
डॉली कुमारी ने बताया कि पहली मुलाकात के बाद दोनों लगातार मिलते रहे। उन्होंने कहा कि सुग्रीव उनका काफी ख्याल रखते थे, जिससे दोनों के बीच प्रेम हो गया।
वहीं ग्रामीण राम प्रवेश ने बताया कि जब दोनों को साथ पकड़ा गया तो गांव वालों ने उन्हें काफी समझाया, लेकिन दोनों शादी करने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद पंचायत के फैसले पर मंदिर में विवाह कराया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शादी के दौरान गांव के लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से शादी करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।