भागलपुर पुलिस की बड़ी सफलता: पूर्व विधायक गोपाल मंडल के लापता बेटे तरुण कुमार 24 घंटे में सकुशल बरामद
भागलपुर पुलिस ने पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के बड़े पुत्र तरुण कुमार नीरज की गुमशुदगी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। बरारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर तरुण कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। युवक को बरारी थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (मुसहरी टोला) इलाके से सुरक्षित बरामद किया गया।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के बाद पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तरुण कुमार पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
18 मई से थे लापता
पुलिस के अनुसार, पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने 19 मई 2026 को बरारी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनके बड़े पुत्र तरुण कुमार नीरज 18 मई से अपने घर से अचानक लापता हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना में कांड संख्या 118/26 दर्ज किया गया।
एसएसपी भागलपुर के निर्देश पर सिटी एसपी और एसडीपीओ नगर-1 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम को युवक की जल्द बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
विशेष टीम ने तरुण कुमार के मोबाइल की तकनीकी लोकेशन, IMEI ट्रैकिंग और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तरुण शहर से बाहर नहीं गए थे, बल्कि बरारी थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (मुसहरी टोला) इलाके में ही मौजूद थे।
इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के एंगल पर जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के कारण खुद घर छोड़ने की आशंका सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है।
मेडिकल जांच में पूरी तरह स्वस्थ मिला युवक
पुलिस ने तरुण कुमार की चिकित्सकीय जांच मायागंज अस्पताल में कराई, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य और पूरी तरह सुरक्षित बताई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिवार को सौंप दिया जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल रहे अधिकारी
इस सफल अभियान में बरारी थाना के सह-थानाध्यक्ष विकास कुमार, प्रणव प्रकाश ठाकुर, कुंदन पंजियारा, विकेश कुमार भगत और मंतु कुमार पंडित समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल थे। पुलिस प्रशासन ने टीम की सराहना करते हुए इसे त्वरित और सफल कार्रवाई बताया है।