सुपौल में 12 घंटे के अंदर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: शादी के दबाव से नाराज युवक ने प्रेमिका की चाकू से हत्या की
सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में युवती की हत्या मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सना टी-शर्ट और मृतिका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
स्कूल परिसर में बुलाकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, 18-19 मई 2026 की रात राजेश्वरी थाना क्षेत्र में एक युवती की धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिभाष कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर तेजी से अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान एफएसएल टीम और जिला तकनीकी शाखा द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
गहन अनुसंधान और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी वार्ड नंबर-12 निवासी आनंद शर्मा का 20 वर्षीय पुत्र है।
शादी का दबाव बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मृतिका के साथ पहले से प्रेम संबंध था। मृतिका लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।
आरोपी ने घटना वाली रात मोबाइल फोन के जरिए युवती को उसके घर के समीप स्थित स्कूल परिसर में बुलाया और भरोसे में लेकर धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर हत्या कर दी।
आरोपी के घर से बरामद हुए सबूत
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से घटना में इस्तेमाल चाकू, खून से सना टी-शर्ट और मृतिका का मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने पर्याप्त वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिभाष कुमार, जदिया थाना अध्यक्ष नंदकिशोर नंदन, राजेश्वरी थाना अध्यक्ष युगलकिशोर, राजेश कुमार रंजन, प्रमोद कुमार मौआर, धर्मेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, जिला तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी प्रयाग साह समेत जदिया थाना और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।