सहरसा में चला विशेष वाहन जांच अभियान: 56 वाहनों से ₹2.65 लाख जुर्माना वसूला, हेलमेट-सीट बेल्ट पर जोर
सहरसा
जिला पदाधिकारी सहरसा के निर्देश पर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सौर बाजार प्रखंड क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-प्रवर्तन पदाधिकारी सुजीत कुमार बरवाल ने किया। इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सख्ती से जांच की गई।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चालकों को अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज जैसे बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, फिटनेस, वाहन अनुज्ञप्ति और अन्य कागजात अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।
जांच के क्रम में जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं मिले या जो सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके खिलाफ परिवहन विभाग के नियमों के तहत कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों का चालान काटा गया।
इसके अलावा ट्रैक्टर और ट्रकों की ओवरलोडिंग की भी विशेष जांच की गई। ओवरलोड वाहन चलाने वाले चालकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान मोटरसाइकिल, टेम्पो, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और अन्य चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस विशेष अभियान में कुल 56 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹2,65,000 का अर्थदंड वसूला गया।
इस अभियान में अपर जिला परिवहन पदाधिकारी जीशान अहमद, मोटर वाहन निरीक्षक बृजमोहन पटवारी, परिवहन विभाग के प्रवर्तन उपनिरीक्षक, चलंत दस्ता, सिपाही और होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।