Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में नशा और हथियार गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत 2 गिरफ्तार; भारी मात्रा में गांजा, पिस्टल व 39 मोबाइल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 1, 2026

सुपौल में नशा और हथियार गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत 2 गिरफ्तार; भारी मात्रा में गांजा, पिस्टल व 39 मोबाइल बरामद

हेडलाइन:
सुपौल में नशा और हथियार गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत 2 गिरफ्तार; भारी मात्रा में गांजा, पिस्टल व 39 मोबाइल बरामद

खबर विस्तार से:
सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में नशीले पदार्थ और हथियार के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला राघोपुर थाना क्षेत्र के गद्दी वार्ड 12 का बताया जा रहा है।

वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गद्दी गांव निवासी श्रवण साह के घर से नशीले पदार्थ और हथियारों का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद सुपौल एसपी सरथ आर एस के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम के पहुंचते ही घर में मौजूद दो युवक और एक महिला भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक और एक महिला को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक अन्य युवक फरार हो गया। मुख्य आरोपी श्रवण शाह भी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने उसके भाई सौरभ कुमार और पत्नी प्रियंका कुमारी को गिरफ्तार किया है।

तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में ट्रंक के नीचे छिपाकर रखी गई पॉलिथिन से 1480 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, 8 पुरानी घड़ियां, एक डिजिटल तराजू और 46,525 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 39 मोबाइल फोन और एक सप्लेंडर बाइक भी बरामद की है।

एसडीपीओ ने बताया कि इस अवैध कारोबार के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।