कटिहार में ‘रील’ के लिए हथियार लहराने का खतरनाक ट्रेंड, दो युवक वायरल वीडियो में दिखे
कटिहार में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ अब खतरनाक रूप लेती दिख रही है। मनसाही प्रखंड के कौवा बारी इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैमरे के सामने दबंगई का प्रदर्शन
वायरल वीडियो में दो युवक हाथ में पिस्टल और लोहे की रॉड लेकर कैमरे के सामने दबंगई दिखाते नजर आ रहे हैं। वे बिना किसी डर के सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते दिखाई देते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए यह रील बना रहे थे।
— Dainik Bhaskar
युवाओं में बढ़ रही खतरनाक प्रवृत्ति
पहचान के आधार पर युवकों की शिनाख्त मो. तजमुल (23), पिता मो. सकील, और मो. कलाम (21), पिता मो. नकीर, निवासी ग्राम छोटी बथना (वार्ड संख्या 8), थाना मनसाही, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस तरह की घटनाएं कम होती थीं, लेकिन हाल के दिनों में युवाओं के बीच ऐसी प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है। सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन न केवल अवैध है, बल्कि इससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है।
पुलिस ने शुरू की जांच, कार्रवाई की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो में दिख रहे हथियारों की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि हथियार असली पाए जाते हैं, तो संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना के बाद लोगों की नजरें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।