Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: कार और बाइक से 182 लीटर देसी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2026

सहरसा में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: कार और बाइक से 182 लीटर देसी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

सहरसा में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: कार और बाइक से 182 लीटर देसी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

सहरसा जिले में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 182.5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। विभाग की टीम ने बिहरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर तीन शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक बाइक भी जब्त की गई है।

उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर ने शुक्रवार शाम मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को इलाके में अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर दो स्थानों पर नाकेबंदी की गई।

पहली कार्रवाई रहूआ चौक के समीप की गई, जहां एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 157.5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। मौके से कार चालक पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। वह सिमरी बख्तियारपुर का निवासी बताया जा रहा है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप को बटराहा इलाके में सप्लाई किया जाना था।

वहीं दूसरी कार्रवाई सिहौल चौक पर की गई। वाहन जांच के दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 25 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। गिरफ्तार दोनों कारोबारियों की पहचान पटोरी गांव निवासी श्रवण कुमार और सुखलू कुमार के रूप में हुई है।

उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और जब्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके के शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।