Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:SP ने की बड़ी कार्रवाई: लापरवाही के आरोप में सब इंस्पेक्टर आनंद मोहन निलंबित - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2026

BIHAR:SP ने की बड़ी कार्रवाई: लापरवाही के आरोप में सब इंस्पेक्टर आनंद मोहन निलंबित

किशनगंज में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही के आरोप में सब इंस्पेक्टर आनंद मोहन निलंबित

किशनगंज पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में किशनगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक आनंद मोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर गृहभेदन, मोटरसाइकिल चोरी और विद्युत सामग्री चोरी से जुड़े मामलों की जांच में गंभीर लापरवाही और केवल खानापूर्ति करने का आरोप लगाया गया है।

एसपी संतोष कुमार ने गुरुवार रात जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक किशनगंज थाना में दर्ज संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि सब इंस्पेक्टर आनंद मोहन ने कई मामलों में गहन जांच करने के बजाय केवल औपचारिकता पूरी करते हुए अनुसंधान किया।

जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने निर्धारित कानूनी अवधि पूरी होने से पहले ही कई मामलों को “सत्य-सूत्रहीन” बताते हुए अंतिम प्रतिवेदन समर्पित कर दिया था। पुलिस अधीक्षक ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, संदिग्ध आचरण और विभागीय नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में माना है।

इन्हीं आरोपों के आधार पर आनंद मोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर विभागीय कार्यवाही के संबंध में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक किशनगंज और किशनगंज थानाध्यक्ष की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। पुलिस मुख्यालय की समीक्षा में यह पाया गया कि मामलों का निष्पादन निर्धारित विधिक अवधि से पहले ही कर दिया गया, जो कानूनी प्रावधानों के विपरीत माना गया है। इस संबंध में दोनों अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

किशनगंज पुलिस ने साफ कहा है कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने “शून्य सहिष्णुता” की नीति अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।