Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में 133 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 5, 2026

सुपौल में 133 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

सुपौल में 133 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 53.20 लाख की खेप बरामद


सुपौल: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी ने बड़ी सफलता हासिल की। सीमा चौकी नरपतपट्टी और थाना रतनपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 133 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 53 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

गुप्त सूचना पर बनी संयुक्त टीम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कोशी नदी के पलार दुबीयाही नहर स्पर संख्या 530 के समीप भारत की ओर मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।

सूचना मिलते ही उप कमांडेंट (प्रचालन) सुमन सौरभ के नेतृत्व में SSB और रतनपुरा थाना पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया।

संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ

छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों ने नदी किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बेचन यादव (30 वर्ष), निवासी साहेबान, थाना रतनपुरा, जिला सुपौल के रूप में बताई।

पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों राजकुमार नेपाल और विजय मेहता (सिमरी) का नाम भी उजागर किया, जो फिलहाल फरार हैं।

बालू में छिपाकर रखी गई थी गांजे की खेप

इसके बाद जब इलाके की सघन तलाशी ली गई, तो बालू में छिपाकर रखे गए कई बोरे बरामद किए गए। इन बोरों को खोलने पर 7 बंडलों में पैक लगभग 133 किलोग्राम गांजा मिला।

मौके से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी नेटवर्क में संपर्क के लिए किया जा रहा था।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद गांजा को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर थाना रतनपुरा को सुपुर्द किया जा रहा है।

SSB 45वीं वाहिनी बीरपुर ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।