बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बदमाश को भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उसकी साजिश को विफल कर दिया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के हीराटोल इलाके में एक युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो पिस्टल, चार खाली मैगजीन और पांच जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
मधेपुरा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया गांव निवासी 20 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
हथियारों के नेटवर्क की जांच शुरू
थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को ये हथियार कहां से मिले और वह किसके लिए काम कर रहा था। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा हो सकता है। बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक साजिश को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
इलाके में बढ़ाई गई सतर्कता
इस कार्रवाई के बाद साहेबपुर कमाल और आसपास के इलाकों में पुलिस सतर्क हो गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।